Headlines

Haldwani: सांसद अजय भट्ट ने दिशा समिति बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Haldwani: सांसद अजय भट्ट ने दिशा समिति बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: सांसद अजय भट्ट ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों में चल रहे निर्माण व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को केंद्र सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, जल संस्थान, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, विद्युत, सिंचाई सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

सांसद भट्ट ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जिले की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पिछले वर्ष बरसात के दौरान गौला नदी में हुए नुकसान की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए सिंचाई, लोक निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग विभागों को सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने सचिव सिंचाई आर. राजेश कुमार से दूरभाष पर बात कर नदी में चैनलाइजेशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में बन रही कैथ लैब के निर्माण कार्य में ढिलाई और मंडी परिषद के अधिकारी की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने मंडी परिषद के महाप्रबंधक की जांच के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई विभागीय अधिकारी अपने कार्यों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा।

उरेडा विभाग को सीएसआर फंड से प्राप्त सोलर लाइटों को जिले में शीघ्र लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लघु सिंचाई, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, शिक्षा, खाद्य पूर्ति और खाद्य सुरक्षा विभागों को भी अपने कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

जल संस्थान को निर्देशित किया गया कि गर्मी के मौसम में जिले के सभी क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां नियमित आपूर्ति संभव नहीं है, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए।

सांसद ने तीनपानी में एनएचएआई द्वारा निर्मित फ्लाईओवर में अंडरपास न बनाए जाने से ग्रामीणों को हो रही समस्या पर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। चोरगलिया क्षेत्र में कमतोल गैस सिलेंडर वितरण में शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा बिंदुखत्ता नाले, देवखड़ी और राकासिया जैसे स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्यों को बरसात से पूर्व पूर्ण करने के आदेश दिए गए।

इस बैठक में लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, नवीन वर्मा, जिला पंचायत प्रशासक बेला तोलिया, हल्द्वानी नगर निगम मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी वंदना, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *