Headlines

Dehradun: हेमंत द्विवेदी बने बीकेटीसी के नए अध्यक्ष, दो उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति

Dehradun: हेमंत द्विवेदी बने बीकेटीसी के नए अध्यक्ष, दो उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष पद पर हेमंत द्विवेदी को नियुक्त किया है। इस बार पहली बार समिति में दो उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। इसके लिए समिति के एक्ट में संशोधन किया गया, जिसे राज्यपाल की मंजूरी प्राप्त हुई है।

हेमंत द्विवेदी सैन्य और किसान परिवार से हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। वह पौड़ी जिले की यमकेश्वर तहसील के भृगुखाल (खोबरा) गांव के मूल निवासी हैं, जबकि उनका जन्म 16 नवम्बर 1979 को देहरादून में हुआ था। उनके पिता भारतीय सेना में कार्यरत थे। द्विवेदी छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने एबीवीपी, भाजयुमो और भाजपा में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्ष 2007 से 2009 तक वह युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता, 2013 से 2015 तक भाजपा के प्रदेश सचिव और 2016 से 2021 तक आजीवन सहयोग निधि के संयोजक रहे। वर्ष 2022 में वह भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रहे। पूर्व में वह 2009 से 2012 तक उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम (TDC) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बीकेटीसी में इस बार दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है — ऋषि प्रसाद सती (जिला चमोली) और विजय कपरवाण (जिला रुद्रप्रयाग)। सरकार का मानना है कि चारधाम यात्रा के विस्तार और तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय समिति के कार्यों के कुशल संचालन और बेहतर समन्वय के लिए आवश्यक था। साथ ही इससे निर्णय प्रक्रिया में तेजी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमंत द्विवेदी सहित सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह नई टीम अपने अनुभव, समर्पण और दूरदृष्टि से समिति को नई दिशा प्रदान करेगी। सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस अवसर को अपने जीवन का सबसे बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके माता-पिता और पूर्वजों के पुण्य का फल है। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार और सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त किया।

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *