Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने गोरापड़ाव डकैती के चार और आरोपी किए गिरफ्तार, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने गोरापड़ाव डकैती के चार और आरोपी किए गिरफ्तार, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में हथियारों के बल पर लाखों रुपये की डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले में चार और नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, लूटी गई नकदी और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

मामला 19 अगस्त 2026 का है। शाम के समय डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।

वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने किय शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय और गैराज में घुसकर डकैती की। बदमाश करीब 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूटकर फरार हो गए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, एएसपी व सीओ हल्द्वानी समेत विभिन्न थाना प्रभारियों, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया। एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद लोगों से पूछताछ की और पुलिस टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पहले 21 अगस्त को दो आरोपियों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में लगातार दबिश दी।

पुलिस ने 22 और 23 अगस्त को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें यश सिडाना को हल्द्वानी से, अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को नई दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर जैतपुर मोड़ से तथा अफजल मलिक को किच्छा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यश सिडाना के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और एक तमंचा मय दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो वाहन, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस, शिवराज सिंह से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये की नकदी, एक 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने डकैती की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों और उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

इस बड़ी कार्रवाई में थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डकैती की वारदात के खुलासे में जुटी पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *