Headlines

Bhimtal: बेटे के खुलासे से सामने आया मां की हत्या का मामला, पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर फरार हुआ पति, तलाश में जुटी पुलिस

Bhimtal: बेटे के खुलासे से सामने आया मां की हत्या का मामला, पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर फरार हुआ पति, तलाश में जुटी पुलिस
शेयर करे-

Bhimtal: नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा क्षेत्र में पति पर शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब मृतका के बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से उठी नहीं है। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी पति वारदात के बाद फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ओखलकांडा निवासी 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद घर लौटा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान उसकी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।

अगली सुबह जब डिंकी देवी नहीं उठी तो बेटे ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। आरोपी पति तब तक घर से फरार हो चुका था।

सूचना मिलने पर खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। 22 अगस्त को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि पति द्वारा पत्नी की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए पंपलेट तैयार कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

मृतका डिंकी देवी अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मजदूरी करता था और शराब का आदी था। बताया गया कि वह दो भाइयों में छोटा है, जबकि उसका बड़ा भाई सोनू दिल्ली में निजी नौकरी करता है। दोनों भाइयों के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण उनके मामा ने किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *