Headlines

Haldwani: कैंची धाम मेले और पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने यातायात और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

Haldwani: कैंची धाम मेले और पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने यातायात और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: आगामी पर्यटन सीजन, ग्रीष्मकालीन छुट्टियों और विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को हल्द्वानी कोतवाली स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों को अहम निर्देश दिए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।

बैठक से पहले एसएसपी ने पुलिस कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इसके बाद अपराध समीक्षा बैठक में लंबित विवेचनाओं, डिजिटल पुलिसिंग और आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस से जुड़े सभी कार्य शत-प्रतिशत अपडेट रखें और ई-साइनिंग प्रक्रिया को पूरी तरह पूरा करें। लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन विवेचकों के पास 15 से अधिक मामले लंबित हैं, उनकी विशेष निगरानी की जाए।

साइबर अपराधों और तकनीकी कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोए मोबाइलों की अधिकतम रिकवरी, एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर शिकायतों के त्वरित निस्तारण और निदान पोर्टल पर एनडीपीएस अपराधियों का डेटा नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चोरी, नकबजनी और स्नैचिंग की घटनाओं को ई-साक्ष्य ऐप पर तत्काल दर्ज करने तथा सड़क दुर्घटनाओं का विवरण आई-रेड ऐप और एफएआर फॉर्म में अनिवार्य रूप से प्रविष्ट करने को कहा गया।

पर्यटन सीजन और कैंची धाम मेले के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को सुबह से ही फील्ड में रहकर बैरियर, डाइवर्जन, पार्किंग और बॉटलनेक प्वाइंट्स पर यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि जनपद में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सौम्य व्यवहार किया जाए, जबकि हुड़दंग, दबंगई और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता और फरियादियों का विश्वास और मजबूत करना है। साथ ही वांछित अपराधियों पर त्वरित इनाम घोषित कर योजनाबद्ध कार्रवाई के जरिए उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

गोष्ठी के दौरान विभिन्न थानों और इकाइयों में तैनात 39 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें हेड कांस्टेबल वीरेंद्र राम द्वारा 222 लंबित मालों का निस्तारण, महिला कांस्टेबल नयनतारा द्वारा 200 लंबित मामलों का निस्तारण तथा हेड कांस्टेबल ललित बिष्ट द्वारा 35 लंबित मामलों के सफल निस्तारण की विशेष सराहना की गई।

Haldwani
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए एसएसपी मंजूनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *