Headlines

Rudraprayag: रुद्रप्रयाग में 50 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, पांच घायल

Rudraprayag: रुद्रप्रयाग में 50 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, पांच घायल
शेयर करे-

Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK13B-4293 (सिलेरियो) बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग-उथिंड गांव की ओर जा रही थी। शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर कार खाई में एक पेड़ पर अटकी हुई मिली।

रेस्क्यू टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा। हादसे में रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

वहीं दुर्घटना में महेन्द्र सिंह (68 वर्ष), उनके पुत्र अंजन सिंह (42 वर्ष) और संगीता देवी (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक और घायल सभी उथिंड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *