Haldwani: हल्द्वानी स्थित सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10 एवं कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने अभिभावकों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित रंगारंग समारोह में कक्षा 10 के 31 और कक्षा 12 के 16 विद्यार्थियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. रौतेला ने छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में केवल अंकों का महत्व नहीं होता, बल्कि संस्कार और कार्यकुशलता भी उतनी ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि किसी कक्षा में प्राप्त अंक समय के साथ पीछे छूट जाते हैं, लेकिन शिक्षा के दौरान सीखे गए संस्कार, अनुशासन और जीवन कौशल व्यक्ति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
विद्यालय स्तर पर कक्षा 12 में सर्वोच्च प्रदर्शन के लिए अंशिका गर्ग तथा कक्षा 10 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मानवी शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रेरणा, निकिता, शौर्य, कृष्णा, पंकज, विनीत, भावेश, हिमांशु, तानु, वैभव, ऋतिक, गौरव, प्रणव, शुभम, वर्तिका, निहारिका, दीपक, वंशिका, सृष्टि, काशवी, प्राची, विशेष, नीशा, मानस, योगेश, तक्षिता, गौरव गोस्वामी, आदित्य, मिताली, दिव्यांश, महाश्री, अदिति, मानसी, निश्चय, ज्योतिरादित्य, नेहा, शौर्य हरबोला, खुशी, साक्षी, गुंजन, प्रियंक, अनामिका, मेधा, सर्वेश और तन्वी को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा सम्मानित छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
