Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Chamoli: देहरादून से पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एम्बुलेंस 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत और तीन घायल

Chamoli: देहरादून से पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एम्बुलेंस 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत और तीन घायल
शेयर करे-

Chamoli: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह चमोली जिले के देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देहरादून से एक पार्थिव शरीर लेकर लोहाजंग लौट रही निजी एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने परिजन स्वर्गीय भजन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से गांव ला रहे थे। इसी दौरान शनिवार तड़के ल्वाणी गांव के पास वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और DDRF की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया है।

थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि गंभीर घायलों को एयर एम्बुलेंस के जरिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने के लिए सीएमओ चमोली से वार्ता की गई है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *