Headlines

Haldwani: हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस का ग्रीन मिशन, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में 600 पौधों का महा-वृक्षारोपण अभियान

Haldwani: हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस का ग्रीन मिशन, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में 600 पौधों का महा-वृक्षारोपण अभियान
शेयर करे-

Haldwani: हरेला पर्व के पावन अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पूरे जनपद में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महा-वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कोतवाली काठगोदाम परिसर में पौधारोपण कर की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों और पुलिस परिवार को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण का संकल्प दोहराया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि “हरियाली है तो हम हैं” और उत्तराखंड की संस्कृति का मूल आधार प्रकृति है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से धरती की रक्षा का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बन सकें। साथ ही पुलिस परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित स्थानों का चयन कर कतारबद्ध तरीके से पौधे लगाने तथा अपने घर और मूल निवास पर भी कम से कम दो पौधे लगाने की अपील की।

हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस कार्यालयों और इकाइयों में आम, अमरूद, गुलमोहर, बुरांश, पांगर, जामुन, कटहल, तेजपत्ता, आंवला सहित स्थानीय प्रजातियों के करीब 600 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त एसपी हल्द्वानी डॉ. जगदीश चंद्र, सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन प्रभारियों ने भी अपने-अपने सर्किलों, थाना परिसरों और कार्यालयों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *