Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस सख्त, होली-रमजान पर कड़ा सुरक्षा प्लान लागू

Haldwani: नैनीताल पुलिस सख्त, होली-रमजान पर कड़ा सुरक्षा प्लान लागू
शेयर करे-

Haldwani: जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आगामी होली व रमजान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने कोतवाली मीटिंग हॉल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में लंबित विवेचनाओं, महिला अपराध, साइबर ठगी, नशा तस्करी और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने दो टूक कहा कि क्षेत्र में अपराध होने पर बीट कॉन्स्टेबल से लेकर हल्का प्रभारी तक जवाबदेही तय की जाएगी।

“काम नहीं तो दाम नहीं” नीति लागू

ड्यूटी के दौरान मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग और कार्य में शिथिलता पर ‘नो वर्क, नो पे’ नीति लागू करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नशे में ड्राइविंग, स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के आदेश दिए गए। रात्रि चेकिंग में एल्कोमीटर का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

होली और रमजान के लिए विशेष सुरक्षा प्लान

त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया है। जबरन रंग लगाने, शराब पीकर हुड़दंग करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया सेल को अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। महिला सुरक्षा के दृष्टिगत होली ड्यूटी में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती पिकेट, मोबाइल और पैदल गश्त में की जाएगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित करने को कहा गया है।

उत्कृष्ट सेवा पर 39 पुलिसकर्मी सम्मानित

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने का संदेश दिया गया।

पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति

पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कॉलरशिप राशि प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों की उपलब्धियां पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय हैं।

अधिकारियों की उपस्थिति

गोष्ठी में डॉ० जगदीश चन्द्र, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *