Headlines

Haldwani: नैनीताल में SIR 2026 की प्रक्रिया तेज, 2.30 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस वितरित

Haldwani: नैनीताल में SIR 2026 की प्रक्रिया तेज, 2.30 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस वितरित
शेयर करे-

Haldwani: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की।

बैठक में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस वितरण, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से नोटिस वितरण एवं दावे आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होने से बचाना और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रोकना है।

उन्होंने बताया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। नोटिस एवं प्राप्त दावे आपत्तियों पर सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 69,318 मतदाताओं के नोटिस पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान की गई है। नैनीताल जिले में करीब 1,88,054 प्रकरण Anomaly तथा 47,031 प्रकरण No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है।

SIR प्रक्रिया के तहत जिले में अब तक प्रपत्र 6 के 12,450, प्रपत्र 7 के 11,599 और प्रपत्र 8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है अथवा नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में प्रपत्र 6, 7 या 8 के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता, निष्पक्षता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें बसपा से हरीश सिनौली और संजू, कांग्रेस से मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट और प्रकाश पटवाल तथा भाजपा से आनंद सिंह और मनीष पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *