Headlines

Dehradun: IMC खुरपिया को गति देने में जुटी धामी सरकार, दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य

Dehradun: IMC खुरपिया को गति देने में जुटी धामी सरकार, दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। बैठक में देशभर में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, समयबद्ध क्रियान्वयन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) खुरपिया की प्रगति और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार IMC खुरपिया को प्रदेश के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि पूरी तरह NUITL के अधीन है और वर्तमान में परियोजना स्थल पर किसी प्रकार की बाधा नहीं है। IMC खुरपिया के विकास के लिए EPC अनुबंध 20 मार्च 2026 को निष्पादित किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर Right of Way (ROW) क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य आवश्यक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक समन्वय और कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। यह मार्ग IMC खुरपिया को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

परियोजना के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए PITCUL द्वारा 400/220 केवी उपकेंद्र के समयबद्ध निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क और विद्युत कनेक्टिविटी IMC खुरपिया में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की निरंतर निगरानी, विभागों के बीच प्रभावी समन्वय तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए।

धामी ने भारत सरकार और NICDIT/NICDC द्वारा गठित SPV से परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि IMC खुरपिया आने वाले समय में उत्तराखंड के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के साथ निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य में आधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *