Haldwani: नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 नशीले इंजेक्शन और 25 एविल इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को शांति व्यवस्था, गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान गौला रोखड़, जवाहर नगर क्षेत्र में पुलिस टीम ने चार आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ चांद, जुबैर खान, मोहम्मद जावेद और फरमान अली के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से 25 B-GESIC (Buprenorphine Hydrochloride) Injection और 25 Avil (Pheniramine Maleate) Injection बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 130/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। जुबैर के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले, मोहम्मद जावेद के खिलाफ दो मामले और फरमान अली के खिलाफ किच्छा थाने में एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। वहीं समीर उर्फ चांद के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फरत्याल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल महबूब अली और कांस्टेबल शिवम कुमार शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
