Headlines

Haldwani: हल्द्वानी पहुंचे नितिन नवीन, कार्यसमिति में बोले ‘राष्ट्र प्रथम’ के साथ काम करती है भाजपा; कांग्रेस पर भी साधा निशाना

Haldwani: हल्द्वानी पहुंचे नितिन नवीन, कार्यसमिति में बोले ‘राष्ट्र प्रथम’ के साथ काम करती है भाजपा; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
शेयर करे-

॰ नितिन नवीन ने संभाला उत्तराखंड भाजपा का चुनावी मोर्चा, हल्द्वानी कार्यसमिति में 2027 की रणनीति पर चर्चा

Haldwani: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे। यहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया।

हल्द्वानी में भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी इसमें शामिल हो रहे हैं। कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव, विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव समेत संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी अगवानी की और कार्यसमिति के दूसरे सत्र की शुरुआत हुई। इसके बाद नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। सरकार केवल सत्ता में बने रहने के लिए नहीं बनाई गई है, बल्कि देश और समाज के हित में काम करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत के साथ काम करती है।

अपने संबोधन के दौरान नितिन नवीन ने वंदे मातरम् के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण और विकास के लिए काम कर रही है। साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर देश की डेमोग्राफी को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति, संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर भी मंथन किया जाना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को इसी लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों के जरिए संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर रहेगा।

नितिन नवीन का उत्तराखंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। इस बार उनके कार्यक्रम में कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद और विभिन्न बैठकों को प्रमुखता दी गई है। हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर ग्रुप की बैठक के अलावा पूर्व सैनिक सम्मेलन तथा रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा संगठनात्मक तैयारियों के साथ विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच संपर्क को भी मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

नितिन नवीन का कार्यक्रम

9 सितंबर

  • प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग।
  • शाम 5 बजे हल्द्वानी में राज्य पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक।
  • शाम 7 बजे हल्द्वानी में राज्य कोर कमेटी के साथ बैठक।

10 सितंबर

  • सुबह 10 बजे हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान की बैठक।
  • दोपहर 12 बजे हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग।
  • दोपहर 2:45 बजे रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन में प्रतिभाग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *