Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में देर रात मैदान पर उतरे नितिन नवीन, स्थानीय खिलाड़ियों के साथ खेला फुटबॉल

Haldwani: हल्द्वानी में देर रात मैदान पर उतरे नितिन नवीन, स्थानीय खिलाड़ियों के साथ खेला फुटबॉल
शेयर करे-

Haldwani: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने हल्द्वानी पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का देर रात अलग अंदाज देखने को मिला। दिनभर राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में व्यस्त रहने के बाद नितिन नवीन सीधे स्थानीय युवाओं के बीच पहुंचे और नैनीताल रोड स्थित मिनी ग्राउंड में खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेला।

नितिन नवीन को मैदान पर अपने बीच देखकर स्थानीय खिलाड़ी खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलते हुए मैदान में जमकर पसीना बहाया और युवाओं के साथ कुछ समय बिताया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी उनके साथ मौजूद रहे।

फुटबॉल खेलने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद भी किया। उन्होंने युवाओं से खेल, उनकी गतिविधियों और अनुभवों को लेकर बातचीत की और उनके विचार जाने।

हल्द्वानी में भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन राजनीतिक गतिविधियों के बीच नितिन नवीन का यह अनौपचारिक अंदाज चर्चा का विषय रहा। अचानक मैदान पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष को खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलते देख वहां मौजूद युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

भाजपा नेतृत्व की ओर से युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने पर लगातार जोर दिया जाता रहा है। ऐसे में नितिन नवीन का खुद मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलना युवाओं से सीधे जुड़ाव का संदेश देता नजर आया। दिनभर संगठनात्मक बैठकों के बाद देर रात हुआ यह कार्यक्रम राजनीतिक माहौल से बिल्कुल अलग और अनौपचारिक नजर आया।

बता दें कि नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *