Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल से सम्बद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय वार्षिक शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा भावना को सुदृढ़ करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हरकपुर क्विरा, लामाचौड़ स्थित सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित यह शिविर 18 मार्च से 24 मार्च तक चलेगा, जिसमें 46 स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम अधिकारी त्रिभुवन जोशी के निर्देशन में स्वयंसेवकों को सामाजिक, शैक्षिक, राष्ट्रीय तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन डॉ. नरेंद्र सिंह सिजवाली ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने स्वागत गीत और NSS का लक्ष्य गीत ‘उठें समाज के लिए, जगें स्वराष्ट्र के लिए’ प्रस्तुत कर उत्साह का माहौल बनाया।
मुख्य अतिथि डॉ. सिजवाली ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को करने में झिझक नहीं होनी चाहिए और सभी कार्यों के प्रति सम्मान का भाव रखना ही एक आदर्श समाज की नींव है। उन्होंने निरंतर नए कौशल सीखने और उन्हें दैनिक जीवन से जोड़ने पर जोर दिया।
शिविर के दौरान पूर्व वन क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट ने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए औषधीय पौधों के संवर्धन और उनके उपयोग की जानकारी दी। प्रो. शिवदत्त तिवारी ने पौधारोपण और संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वयंसेवकों से जीवनभर इस दिशा में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
एनएसएस के जिला संयोजक प्रो. जगमोहन नेगी ने शिविर का निरीक्षण कर स्वयंसेवकों से संवाद किया और उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं संजय अधिकारी ने वित्तीय साक्षरता पर चर्चा करते हुए शेयर बाजार और वैश्विक घटनाओं के अर्थव्यवस्था पर प्रभाव को सरल तरीके से समझाया।
स्वयंसेवकों ने हरकपुर क्विरा क्षेत्र में मताधिकार जागरूकता और सरकारी योजनाओं को लेकर सर्वेक्षण कार्य किया। साथ ही प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को पढ़ाकर शिक्षण अनुभव भी प्राप्त किया। शिविर में घरेलू कौशल, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
शिविर संचालन में वर्णिका शर्मा, मनश्वी जोशी, चित्रांश पांडेय, सात्विक रौतेला और जयंतिका तिवारी सहित अन्य स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
