Haldwani: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय गौरवपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए आगे बढ़ रहे आप सभी युवाओं का भारतीय सेना में हार्दिक स्वागत है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये युवा देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बताया गया कि ये सभी चयनित अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में भर्ती हुए हैं। यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने जानकारी दी कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिसमें लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक दक्षता का भी अभ्यास कराया जाता है। अब तक संस्था के माध्यम से 15 हजार से अधिक युवा सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा में योगदान दे चुके हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल अजय कोठियाल के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।
उल्लेखनीय है कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता होने के साथ ही सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित रह चुके हैं। केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण में उनके योगदान को भी व्यापक सराहना मिली है।

Chief Editor, Aaj Khabar
