Haldwani: कोटाबाग क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि युवक ने पुलिस की मारपीट से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाया।
शनिवार को गुस्साए ग्रामीणों ने कोटाबाग चौकी का घेराव करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरी चौकी को निलंबित करने की मांग की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत भी धरने पर बैठ गए। धरना देते समय विधायक भगत की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृत युवक की पहचान कमल नगरकोटी के रूप में हुई है, जिसने जहर खाकर आत्महत्या की। मामले की जांच जारी है।
वहीं एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटाबाग चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह तेवतिया और कांस्टेबल परमजीत को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरी चौकी के स्टाफ का तबादला कर मामले की जांच सीओ रामनगर को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शासन से मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने की सिफारिश भी की जाएगी।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

