Ramnagar: रामनगर टैक्स बार की एक महत्वपूर्ण बैठक करन मोटल, मंगलार रोड में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता एडवोकेट पूरन चंद्र पाण्डे और संचालन सचिव गौरव गोला ने किया। बैठक में प्रशासनिक एवं व्यापारिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सबसे पहले, जुलाई माह में संभावित अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर चर्चा हुई। बैठक में 3 वर्षों से अधिक समय से एक ही पद पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के अनिवार्य स्थानांतरण की मांग उठाई गई। इसके साथ ही रामनगर में निवास करने वाले अधिकारियों को पुनः रामनगर में न भेजने की भी सिफारिश की गई। इस संबंध में एक शिष्टमंडल जल्द ही राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त हल्द्वानी और जिलाधिकारी नैनीताल से मिलेगा।
व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं पर भी गहन विमर्श हुआ। समाधान योजना के अंतर्गत डीलरों की सीमा को ₹75 लाख से बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ करने की मांग की गई ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इस योजना का लाभ ले सकें। इसके अलावा, पंजीयन के निलंबन और पुनः चालू करने में आ रही दिक्कतों पर भी चिंता जताई गई।
शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को लेकर भी ठोस सुझाव सामने आए। रोडवेज गेट पर खड़ी गाड़ियों के कारण रानीखेत रोड पर जाम की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए सुझाव दिया गया कि रोडवेज के भीतर 100 मीटर अंदर गाड़ियां खड़ी की जाएं और दो गेट बनाए जाएं ताकि प्रवेश और निकास अलग-अलग रास्तों से हो सके। साथ ही, एक ही दिशा में जाने वाली दो बसों के बीच 15 मिनट का अंतराल रखने का भी प्रस्ताव दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सुझाव सामने आए। उपसचिव सदस्य मनु अग्रवाल ने रामनगर अस्पताल को बेस अस्पताल का दर्जा देने और पीरुमदारा के अस्पताल के उच्चीकरण की मांग की। उन्होंने सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की आवश्यकता भी बताई।
बैठक में व्यापारियों को फूड लाइसेंस संबंधित दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रबल बंसल, फिरोज अंसारी, कोषाध्यक्ष विशाल रस्तोगी, मनोज अग्रवाल, जीशान मालिक, मनोज बिष्ट, शोभित अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, फैजुल हक, सागर भट्ट और भोपाल रावत सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

