Haldwani: जनपद नैनीताल की हल्द्वानी पुलिस ने हाल ही में क्षेत्र में घटित दो चैन स्नैचिंग की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में दो शातिर लुटेरे और एक ज्वैलर शामिल हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीमों की सतर्कता और तत्परता से की गई।
18 अप्रैल और 20 अप्रैल को हल्द्वानी क्षेत्र की टीपी नगर और मंडी चौकी क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने महिलाओं के गले से चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। पीड़ित महिलाओं से सोने के कीमती पेंडेंट झपट लिए गए थे और आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इन घटनाओं के संबंध में हल्द्वानी कोतवाली में 24 अप्रैल को दो प्राथमिकी दर्ज की गईं।
एसएसपी प्रहलाद मीणा ने इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित अनावरण के निर्देश दिए और विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने टीपी नगर, मंडी, रुद्रपुर, गदरपुर, लालकुआं और पंतनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुराने अपराधियों से पूछताछ की।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र और सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 अप्रैल को टांडा वैरियर क्षेत्र से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सोने के दो पेंडेंट और घटना में प्रयुक्त काली पल्सर मोटरसाइकिल (UP-22 KE 8487) बरामद की गई। साथ ही, उनकी निशानदेही पर एक ज्वैलर को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने लूटे गए गहनों को खरीद कर अपराध में सहयोग किया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फिरोज गांधी, पुत्र नंद राम, निवासी पदमपुर, थाना मिलक, जिला रामपुर – पूर्व में चार आपराधिक मुकदमों में संलिप्त है। दूसरा अभियुक्त मुन्ना उर्फ चुन्ना, पुत्र दुनी, निवासी आगापुर ज्वालानगर, थाना सिविल लाइन, रामपुर – एक हिस्ट्रीशीटर है। तीसरा आरोपी उमेश रस्तोगी, पुत्र बनवारी लाल, निवासी ज्वालानगर, संचालक केआर ज्वेलर्स, थाना सिविल लाइन, रामपुर – पर लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग करते थे और लूटे गए गहनों को रामपुर स्थित ज्वैलर को बेचकर आपस में पैसा बांटते थे।
एसएसपी प्रहलाद मीणा ने अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटा गया माल बरामद करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
एसएसपी नैनीताल का संदेश:
“जनपद नैनीताल पुलिस महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध को कदापि सहन नहीं करेगी। ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके मन में विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
