Haldwani: शनिवार सुबह लगभग 11 बजे गोलापार निवासी भगवत शर्मा, जो सिंधी चौराहे पर चाय की स्टॉल लगाते हैं, अपनी पत्नी और भाई के बहुमूल्य जेवर लेकर लोन के सिलसिले में बाजार जा रहे थे। मंगल पड़ाव, रामपुर रोड, कैंसर रोड होते हुए वह अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे कि इस बीच उनका जेवर और दस्तावेजों से भरा बैग बाइक से अनजाने में गिर गया।
लोन कार्यालय पहुंचने पर बैग की गैरमौजूदगी से वे बुरी तरह घबरा गए और तुरंत मंगल पड़ाव पुलिस चौकी पहुंचे। सूचना पर मौजूद कांस्टेबल संतोष ने उन्हें सीसीटीवी कंट्रोल रूम भेजा। वहां प्रभारी जितेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में स्पष्ट हुआ कि रामपुर रोड पर बैग बाइक से गिरा और एक महिला स्कूटी चालक द्वारा उठा लिया गया।
सीसीटीवी टीम द्वारा स्कूटी नंबर के आधार पर महिला तक संपर्क साधा गया और उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया। महिला के पास से बैग बरामद कर जब खोला गया तो उसमें मौजूद सभी दस्तावेज और सोने के जेवर सुरक्षित मिले।
भगवत शर्मा ने बताया कि वर्षों की मेहनत से यह जेवर इकट्ठे किए गए थे, जिनसे वह अपने जीवन की पहली संपत्ति—एक प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जा रहे थे। जेवर वापस मिलने पर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने नैनीताल पुलिस व सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

