Haldwani: जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा हल्द्वानी नगर में संचालित निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स, डायग्नोस्टिक सेंटर्स एवं क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट्स के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में नियामकीय और व्यवस्थागत अनुशासन को सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में PCPNDT अधिनियम के अनुपालन, विशेषकर अल्ट्रासाउंड संचालन व फॉर्म-F की प्रक्रिया, बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निष्पादन, जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रणाली, आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन, पार्किंग व्यवस्था, फायर सेफ्टी नियमों तथा भवन मानचित्र के अनुसार परिसर उपयोग जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन ने सभी चिकित्सा संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे स्वीकृत भवन मानचित्र के अनुसार ही भवन का उपयोग करें, विशेष रूप से बेसमेंट को स्टोर, रसोई या वार्ड जैसे अवैध उपयोग में न लाएं। फायर सेफ्टी ऑडिट, उपकरणों की उपलब्धता, मॉक ड्रिल तथा समस्त दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता—जैसे फॉर्म-F में गड़बड़ी, अवैध निर्माण या फायर सेफ्टी नियमों की अवहेलना—पाई गई, तो संबंधित अधिनियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि, आईएमए हल्द्वानी के चेयरमैन डॉ. प्रदीप पांडे, सचिव सहित सभी प्रमुख निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालक उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

