Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 02 दिसंबर को होने वाले निर्णय से पहले नैनीताल जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बहुउद्देशीय भवन में सभी संबंधित विभागों की समन्वयी बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे, नगर निगम, विद्युत, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूर्ण करने तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों संग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़, सरकारी कार्य में बाधा या अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी तत्व के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों को सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर अनावश्यक टिप्पणी, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नैनीताल पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है। पर्याप्त पुलिस बल, हेलमेट, डंडे, बॉडी प्रोटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद प्रभावित क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) भी कड़ा पहरा देगा। सरकारी कार्य में बाधा या जब्ती की कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों पर RPF द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करें और प्रशासनिक कार्यवाही में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
