Haldwani: हल्द्वानी में 26 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राम नवमी शोभा यात्रा को लेकर प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था दोपहर 2 बजे शोभा यात्रा शुरू होने से लेकर उसके समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर ओके होटल तिराहा, रोडवेज, नैनीताल बैंक, एसडीएम कोर्ट, तिकोनिया, वर्कशॉप लाइन, ताज चौराहा, मीरा मार्ग, सिंधी चौराहा और सिटी चौराहा होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात आंशिक रूप से विपरीत दिशा में संचालित किया जाएगा, जबकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी बाईपास मार्गों का उपयोग करना होगा। रोडवेज बसों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था की गई है, जिसमें विभिन्न स्थानों जैसे टीपी नगर, होंडा शोरूम और लालडांठ तिराहा पर बसों को रोका या डायवर्ट किया जाएगा।
पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। कई प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों जैसे तिकोनिया, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, रोडवेज और एसडीएम तिराहा पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। छोटे वाहनों को भी गौलापार रोड, पंचक्की, मुखानी और अन्य वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से मुख्य मार्गों में प्रवेश न करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
