Ranibagh: रानीबाग क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े पूर्व बीटीसी सदस्य एवं वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश भंडारी पर जानलेवा हमले की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और पुलिस से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जानकारी के अनुसार, महेश भंडारी अपने सहयोगी धीरज बिष्ट के साथ उद्यान (हॉर्टिकल्चर) कार्यालय गए थे। इसी दौरान जल संस्थान के एई का फोन उन्हें मिला, जिसमें पानी के बिल जमा करने के लिए मंदिर परिसर में लगे कैंप में अव्यवस्था की सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि यह अव्यवस्था संदीप राणा उर्फ राजा राणा द्वारा फैलायी गई थी, जिससे मौके पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सूचना मिलते ही महेश भंडारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अव्यवस्था को देखते हुए उन्होंने कैंप को वहां से हटाकर भारती जी के निवास पर स्थानांतरित करा दिया, ताकि लोगों को व्यवस्थित तरीके से सुविधा मिल सके। इसके बाद लोग वहां अपने बिल जमा कराने लगे।
इसी दौरान रानीबाग-2 के बीटीसी सदस्य संदीप राणा उर्फ राजा राणा और उनके चाचा मौके पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि संदीप राणा ने पहले महेश भंडारी से तीखी बहस की और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से सिर पर हमला किया, जिससे उन्हें आंख और सिर में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद उन्हें तत्काल हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े एक पूर्व जनप्रतिनिधि और वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर इस तरह का हमला कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की, तो काठगोदाम थाने में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
