Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बेलबाबा के पास गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि उनकी बेटी घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप निवासी 51 वर्षीय गीता सिंह पत्नी रंजीत बहादुर अपनी बेटी हर्षिता को रेलवे की परीक्षा दिलाने स्कूटी से गौलापार स्थित विवेकानंद कॉलेज हल्द्वानी लेकर आई थीं। स्कूटी हर्षिता चला रही थी।
हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड पर बेलबाबा के पास अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे मां-बेटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गीता सिंह को मृत घोषित कर दिया।
बेटी हर्षिता को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हादसे से परिजनों में शोक की लहर है।

Chief Editor, Aaj Khabar
