Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह शाम करीब 4:15 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे।
राज्य में इस वर्ष केदारनाथ के बाद सबसे अधिक आपदाएं आई हैं, जिनसे सरकारी संस्थानों की करीब 1900 करोड़ रुपये की संपत्तियां नष्ट हो चुकी हैं। गांवों को भारी नुकसान पहुंचा है, जनहानि और पशुहानि भी दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश और भू-धंसाव से हालात और गंभीर बने हुए हैं। राज्य सरकार ने आपदा राहत के लिए केंद्र से 5702 करोड़ रुपये की मांग की है, जिसके आकलन के लिए केंद्रीय टीम पहले ही निरीक्षण कर चुकी है।
प्रधानमंत्री मोदी हवाई सर्वेक्षण के बाद शाम पांच बजे देहरादून में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसके उपरांत वह बाढ़ प्रभावित परिवारों से स्टेट गेस्ट हाउस में मुलाकात करेंगे। शाम 5:55 बजे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों से भी भेंट करेंगे। इसके बाद 6:05 बजे देहरादून में अंतिम समीक्षा बैठक आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी बैठक समाप्त कर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
