Nainital: जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों एवं उत्तराधिकार संगठन के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी करने, पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने, भूमि आवंटन मामलों के निस्तारण और स्मारकों के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्मारकों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम, पालिका और पंचायतों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। पेंशन और भूमि पट्टों से संबंधित मामलों की जांच कर जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया गया।
डीएम वंदना ने स्पष्ट किया कि आश्रितों को 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर विशेष सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को प्राथमिकता के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत, जिला अध्यक्ष एन.सी. पांडे, भारत नंदन भट्ट और अपर जिलाधिकारी विवेक राय मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
