Udham singh nagar: कुमायूँ की आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने बुधवार को ऊधमसिंहनगर से सटी भारत-नेपाल सीमा मेलाघाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने एसएसबी और पुलिस अधिकारियों के साथ सीमा की स्थिति का जायज़ा लिया और ग्रामवासियों से भी संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमांत थाना-चौकियों को और मजबूत बनाया जाए तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रहरी की चौकसी से कोई भी संशय छूटना नहीं चाहिए और ग्रामवासियों के सहयोग से सुरक्षा चक्र और मजबूत होगा।
आईजी ने यह भी कहा कि सीमा सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए भारत-नेपाल बार्डर से आने-जाने वालों का गहन सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने जनता से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकस है और जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा, एसएसबी कमांडेंट मनोहर, एसपी क्राइम निहारिका तोमर समेत पुलिस और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
