Haldwani: कुमाऊं मंडल की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी की खराब सड़कों को लेकर अब प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग, ब्रिडकुल और जल संस्थान के अधिकारियों संग शहर की कई क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण किया।
आयुक्त रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश पहले ही दिए हैं।
बरसात के चलते फिलहाल डामरीकरण संभव न होने पर संबंधित विभागों को अस्थायी व वैकल्पिक मरम्मत उपाय अपनाने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने काठगोदाम रोडवेज बस स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त सड़क, देवलचौड़ चौराहा मार्ग और टीपीनगर क्षेत्र की सड़कों की स्थिति देखी। बस स्टेशन के पास पेयजल लाइन रिसाव के कारण सड़क जर्जर हो चुकी है, जिस पर उन्होंने जल संस्थान को तत्काल लीकेज ठीक करने और एजेंसी को ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए।
देवलचौड़ और टीपीनगर मार्गों को लेकर लो.नि.वि. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इन्हें गड्ढामुक्त किया जाएगा। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का नियमित निरीक्षण कर समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा ऋतु में भी जनता को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना, लो.नि.वि. के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार और ब्रिडकुल के अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

