Haldwani: शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी वंदना ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और जिले के विकास में उनके सुझाव आमंत्रित किए। बैठक के दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में एकल वृद्धजनों की सूची तैयार की जाएगी, जिससे लगातार संपर्क बनाए रखा जा सके। वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए उनके घरों पर हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं दी जाएंगी।
पुलिस विभाग प्रत्येक त्रैमासिक थाना दिवस में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेगा। इसके अतिरिक्त, जिला स्तर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नगर आयुक्त (हल्द्वानी) और एसपी सिटी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने आयुष्मान कार्ड, गोल्डन कार्ड और वय बंधन कार्ड के लाभ प्रभावी रूप से दिलाए जाने की मांग रखी। इसके अलावा, एकल वृद्धजनों की निगरानी के लिए बीट पुलिसिंग और समाज कल्याण विभाग द्वारा नियमित संपर्क की व्यवस्था का सुझाव भी दिया गया। उन्होंने आवारा गोवंश, कुत्तों और बंदरों से सुरक्षा की मांग के साथ-साथ मॉर्निंग वॉक ट्रैक, पार्कों में स्मृति वाटिका, बैठने के लिए बैंच और मनोरंजन क्लब की स्थापना की मांग भी रखी।
जिलाधिकारी वंदना ने वरिष्ठ नागरिकों की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस भव्यता से मनाया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष व पदाधिकारी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सीएमओ डॉ. हरीश पंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

