Headlines

Haldwani: सिंथिया स्कूल हल्द्वानी में तीसरी सेवन ए साइड अंतरविद्यालयी बालिका-बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

Haldwani: सिंथिया स्कूल हल्द्वानी में तीसरी सेवन ए साइड अंतरविद्यालयी बालिका-बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
शेयर करे-

Haldwani:  सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी तथा सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर कीरा लामाचौड़ के संयुक्त तत्वावधान में तीसरी सेवन ए साइड अंतरविद्यालयी बालिका-बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 19 दिसंबर तक सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर कीरा लामाचौड़, हल्द्वानी के फुटबॉल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हल्द्वानी एवं आसपास के क्षेत्रों से कुल 55 स्कूली टीमें प्रतिभाग करेंगी।

इस प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण में बालिकाओं को विशेष प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से उन्हें भी फुटबॉल में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न स्कूलों द्वारा बालिकाओं की 13 टीमें भेजी गई हैं, जबकि बालकों की 42 टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी और पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बालकों के 41 तथा बालिकाओं के 12 मैच खेले जाएंगे। इसके साथ ही स्कूल के पूर्व छात्रों एवं वेटरन्स के लिए एक मैत्री मैच आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

प्रतियोगिता के समापन पर “सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर”, “बेस्ट स्ट्राइकर” एवं “राइजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही दोनों वर्गों की विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी दी जाएगी तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

खेल को स्कूली शिक्षा का अभिन्न अंग बनाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को निःशुल्क पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 10 तक के केवल संबंधित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को ही प्रधानाचार्य के प्रमाणन के आधार पर टीमों में शामिल किया गया है।

प्रतियोगिता के सभी मैचों का लाइव प्रसारण सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी के आधिकारिक पेज पर किया जाएगा। निर्णायक भूमिका में संतोष ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग ले चुके अनुभवी ऑफिशियल्स की टीम रहेगी, जिसमें आनंद देव, गोपी डिसूजा, सागर रावत, मयंक पंत, एस.एस. कपकोटी, लीला रावत एवं शिवानी शामिल हैं।

प्रतियोगिता की जानकारी देने के उद्देश्य से सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर कीरा लामाचौड़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर कात्यायन रौतेला, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्रा, महेश जोशी, खेल प्रशिक्षक एस.एस. कपकोटी, मयंक पंत, पुष्कर सिंह, सुनीता तिवारी, मुकुल किरोला, आई.डी. जोशी, प्रकाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान फुटबॉल जूरी, ऑफिशियल जूरी एवं विभिन्न श्रेणियों की ट्रॉफियों का भी अनावरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *