Headlines

Dehradun: मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की समयबद्धता पर कसा शिकंजा, नंदा राजजात से जुड़े कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश

Dehradun: मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की समयबद्धता पर कसा शिकंजा, नंदा राजजात से जुड़े कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रस्तावों की स्वीकृति से लेकर कार्य पूर्ण होने तक प्रत्येक स्तर पर निश्चित समय सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जा सकें।

मुख्य सचिव ने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण एवं विकास कार्य केवल समय पर ही नहीं, बल्कि उच्च मानकों के अनुरूप पूरे होने चाहिए। उन्होंने नंदा राजजात यात्रा से जुड़े समस्त कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण हो जाने चाहिए।

बैठक में पेयजल विभाग की लोहाघाट टाउन पंपिंग पेयजल योजना को संस्तुति प्रदान की गई, जिसकी कुल लागत 8444.67 लाख रुपये है। इसके साथ ही रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण परियोजना को भी मंजूरी दी गई, जिसकी लागत 3857.64 लाख रुपये निर्धारित है।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नंदप्रयाग घाट–सुतोल–कनोल मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य को 1289.21 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति मिली। वहीं टनकपुर (चम्पावत) में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल निर्माण के प्रस्ताव को 1424.52 लाख रुपये की लागत के साथ संस्तुति प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त पीएसी बटालियन रुद्रपुर के लिए आरटीसी एवं 188 बैडेड बैरक निर्माण कार्य को 1991.54 लाख रुपये की लागत से तथा देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण को 3034.78 लाख रुपये की लागत से मंजूरी दी गई।

मुख्य सचिव ने AMRUT 2.0 के तहत विभिन्न स्थानीय निकायों में पेयजल, पार्कों के विकास एवं जलाशयों के कायाकल्प से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में पार्कों और जलाशयों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, श्रीधर बाबू अद्दांकी, विनोद कुमार सुमन, एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार, निवेदिता कुकरेती, विम्मी सचदेव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *