Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड महक क्रांति नीति 2026–36 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में किए गए अभूतपूर्व कार्यों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड आज देश के अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण बनकर उभर रहा है और आने वाले समय में महक क्रांति के क्षेत्र में भी राज्य राष्ट्रीय स्तर पर आदर्श स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति सीधे तौर पर अन्नदाता को समर्पित है। इसके अंतर्गत प्रदेश में सात एरोमा क्लस्टर विकसित किए जाएंगे तथा पांच सैटेलाइट सेंटरों का लोकार्पण किया जा रहा है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण एमओयू भी हस्ताक्षरित किए जा रहे हैं, जो विशेष रूप से तिमूर सहित सुगंधित फसलों को नई दिशा देंगे।
सीएम धामी ने बताया कि महक क्रांति नीति से किसानों को उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और ब्रांडिंग तक हर स्तर पर सहयोग मिलेगा, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस नीति के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में 11 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रोत्साहन दिया जा रहा है, वहीं सभी प्रमुख फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि कर किसानों की आमदनी बढ़ाने का कार्य किया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड में श्री अन्न और मिलेट उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निवेश पर 80 प्रतिशत तक का अनुदान भी दिया जा रहा है।
सीएम धामी ने दोहराया कि उनकी सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड महक क्रांति नीति प्रदेश के किसानों के लिए एक नई उम्मीद और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
