Haldwani: जनपद नैनीताल में पुलिस–पब्लिक समन्वय और प्रोफेशनल पुलिसिंग का एक और प्रभावी उदाहरण सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के मोबाइल पर देर रात्रि प्राप्त एक महत्वपूर्ण सूचना ने चोरी के लंबे समय से फरार अभियुक्त तक पुलिस को पहुंचा दिया।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए SSP नैनीताल ने तत्काल पूरे पुलिस तंत्र को सक्रिय किया। सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया और त्वरित घेराबंदी के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में थाना चोरगलिया पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।
सघन पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया व्यक्ति भवाली थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने चोरी के मामले का फरार अभियुक्त है। आरोपी की पहचान कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 जून 2023 को अभियुक्त भवाली के रामगढ़ तिराहा स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने होटल से लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, होटल के खातों के चेक अपने खाते में आहरित किए और होटल कर्मचारी हिमांशु जोशी की स्कूटी संख्या UK04 AE 6106 लेकर फरार हो गया था। इस मामले में होटल स्वामी नीरज कुमार, निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर थाना भवाली में धारा 406 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने 13 दिसंबर 2025 को अभियुक्त को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग–अलग स्थानों पर होटल में नौकरी कर वहां ठगी करता और फिर फरार हो जाता था। वर्तमान में वह चोरगलिया क्षेत्र के एक होटल में काम कर रहा था।
पुलिस को रानीखेत और द्वाराहाट क्षेत्रों में भी अभियुक्त द्वारा ठगी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी मिली है। मामले में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक लेखराज कम्बोज, कांस्टेबल महेश गिरी और कांस्टेबल मलखान सिंह शामिल रहे।
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध कर छिपने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और नैनीताल पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
