Haldwani: हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक ऑडिट किया गया। निरीक्षण में कई संस्थानों में फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) समेत सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने सात कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया।
सील किए गए संस्थान:
- संकल्प कोचिंग सेंटर
- प्रदीप एकेडमी-1
- प्रदीप एकेडमी-2
- जयश्री कॉलेज, हल्द्वानी
- तुषार पंत पीएमटी क्लासेस
- जीत IAS कोचिंग सेंटर, दुर्गा सिटी
- फिजिक्स कोचिंग सेंटर (तृतीय तल, दुर्गा सिटी)
इसके अलावा कल्पवृक्ष इंस्टीट्यूट में फायर एनओसी उपलब्ध होने के बावजूद अन्य कमियां पाए जाने पर संस्थान को तीन दिन के भीतर आवश्यक सुधार करने का नोटिस जारी किया गया है।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होगा, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हल्द्वानी में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों छात्र अध्ययन करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
