Headlines

Haldwani: किसान सुखवंत आत्महत्या मामला में एसआईटी प्रमुख आईजी नीलेश आनंद भरणे ने काठगोदाम होटल पहुंचकर की जांच

Haldwani: किसान सुखवंत आत्महत्या मामला में एसआईटी प्रमुख आईजी नीलेश आनंद भरणे ने काठगोदाम होटल पहुंचकर की जांच
शेयर करे-

Haldwani: काशीपुर निवासी किसान सुखवंत की आत्महत्या के मामले में जांच तेज कर दी गई है। इस प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) के प्रमुख आईजी नीलेश आनंद भरणे पांच सदस्यीय टीम के साथ काठगोदाम स्थित उस होटल पहुंचे, जहां किसान सुखवंत ने आत्महत्या की थी। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।

मौके पर पत्रकारों से बातचीत में आईजी नीलेश आनंद भरणे ने स्पष्ट किया कि एसआईटी इस पूरे मामले की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पीड़ित परिवार से उधम सिंह नगर जनपद की पुलिस किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करेगी।

आईजी भरणे ने बताया कि इस मामले में पहले आईटीआई थाना काशीपुर में दर्ज एफआईआर को अब काठगोदाम थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। साथ ही मृतक किसान के घर की सुरक्षा व्यवस्था भी दूसरे जनपद की पुलिस द्वारा की जा रही है, ताकि किसी तरह का दबाव या हस्तक्षेप न हो।

उन्होंने कहा कि आत्महत्या से पहले किसान सुखवंत द्वारा जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। इसमें उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत सभी संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मी शामिल हैं। आईजी ने दो टूक कहा कि जांच हर पहलू से की जा रही है और कोई भी दोषी होगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि इस मामले में अब तक 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। वहीं, आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला समेत कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड और लाइन हाजिर किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *