Haldwani: जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें निराश्रित गोवंश के संरक्षण और प्रबंधन को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 6 नए गौसदनों की स्थापना एवं संचालन को स्वीकृति दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिए कि शीघ्र भूमि चयन कर आगणन तैयार करते हुए निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
इसके साथ ही मालधन चौड़, गोलापुर और श्रीकैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित तीन गौसदनों की डीपीआर तैयार कर बजट जिला खनिज न्यास निधि से आवंटित करने की मंजूरी दी गई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संबंधित पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत करें।
जिला पंचायत द्वारा कैचर लिफ्टिंग वाहनों की खरीद में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अपर मुख्य अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण कार्य तेज करने और ग्रामीण क्षेत्रों से निराश्रित पशुओं को गौसदनों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
गौलापार क्षेत्र में बड़ी गौशाला के लिए भूमि चयन, भीमताल और श्रीकैंचीधाम (खैरना) क्षेत्र में गौशाला निर्माण हेतु भूमि चिह्नित करने के निर्देश संबंधित उप जिलाधिकारियों को दिए गए। नगर निकायों को भी समन्वय बनाकर नए गौसदनों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
गौलापार में गौसदन निर्माण के लिए जिला पंचायत नैनीताल, भीमताल के लिए नगर पालिका भीमताल और श्रीकैंचीधाम के लिए नगर पालिका भवाली को कार्यदाई संस्था नामित किया गया।
बैठक में निराश्रित गोवंश को गौसदनों तक पहुंचाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए संबंधित लोगों को चिन्हित कर प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि गौसदनों के संचालन हेतु जल्द विज्ञप्ति जारी की जाए और सभी प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की गौवंश कल्याण योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों तक भी पहुंचाई जाए।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.सी. जोशी, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
