Haldwani: जनपद नैनीताल में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में बनभूलपुरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात जुबैर आलम नामक व्यक्ति से रेलवे स्टेशन हल्द्वानी के पास तीन बाइक सवारों ने मोबाइल फोन छीन लिया था। इस संबंध में थाना बनभूलपुरा में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके अलावा, एक अन्य घटना में रोडवेज क्षेत्र में भी मोबाइल स्नैचिंग का मामला सामने आया था।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी एवं प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए त्वरित कार्रवाई की और गौला पार्किंग क्षेत्र से अभियुक्त फैजान अली (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों—रोडवेज, केएमयू के पीछे पटरी, बेस अस्पताल के पीछे, प्रेम टाकिज और राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास—मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।
अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काली रंग की केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल (UK04 AR 6839) तथा कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक हेमंत प्रसाद, कांस्टेबल हरीश रावत और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।
जनपद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
