Haldwani: एसपी सिटी हल्द्वानी श्री प्रकाश चंद्र ने मंगलवार को थाना बनभूलपुरा और थाना मुखानी का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष बनभूलपुरा श्री नीरज भाकुनी और थानाध्यक्ष मुखानी श्री विजय सिंह मेहता ने एसपी सिटी को थानों के भवन, मालखाने और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा करवाया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई अच्छी पाई गई और मालखाने में जब्त माल को व्यवस्थित रूप से रखा गया था।
थाना क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मियों को शस्त्रों की जानकारी दी गई और सभी ने शस्त्र खोलने और जोड़ने का अभ्यास किया। एसपी सिटी ने निर्देश दिया कि पुलिसकर्मियों को आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित शस्त्राभ्यास कराया जाए। साथ ही, थाना अभिलेखों की जांच कर ग्राम अपराध रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
महिला हेल्पडेस्क का भी निरीक्षण किया गया, जहां तैनात कर्मियों को प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौसम परिवर्तन को देखते हुए थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कर्मचारियों के लिए स्वच्छ जल और ताजा भोजन की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
एसपी सिटी ने सभी माल मुकदमाती और मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े वाहनों की जांच की और थानाध्यक्षों को न्यायालय से उचित प्रक्रिया द्वारा शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। ऑनलाइन और अन्य शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की गई, जो अद्यतन पाए गए, और निर्देश दिया गया कि ऑनलाइन प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
आपदा प्रबंधन उपकरणों की जांच कर उनके बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, साथ ही बीट बुक को अपडेट रखने और किसी भी सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचने का आदेश दिया गया।
एसपी सिटी ने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए टास्क निर्धारित करें और सभी कर्मियों को अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निभाने के निर्देश दिए। थाना कार्यालय के सभी महत्वपूर्ण रजिस्टरों को अपडेट रखने का आदेश दिया गया। साथ ही, पुलिस मुख्यालय और एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया, ताकि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

