Headlines

Haldwani: एडीजी वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी में अपराध समीक्षा बैठक ली, तीन वर्ष से अधिक लंबित विवेचनाओं पर जताई सख्त नाराज़गी

Haldwani: एडीजी वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी में अपराध समीक्षा बैठक ली, तीन वर्ष से अधिक लंबित विवेचनाओं पर जताई सख्त नाराज़गी
शेयर करे-

Haldwani: एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने आज हल्द्वानी के बहुउद्देशीय भवन में नैनीताल एवं उधमसिंहनगर जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की गुणवत्ता और पुलिसिंग में पारदर्शिता को लेकर कई सख्त निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एडीजी मुरुगेशन ने तीन वर्ष से अधिक लंबित विवेचनाओं को “अस्वीकार्य” बताते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी। उन्होंने महिला अपराधों, चोरी, डकैती, वाहन चोरी, बलात्कार और NDPS एक्ट के मामलों में त्वरित अनावरण एवं कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना खटीमा और नानकमत्ता के थानाध्यक्षों को शिथिलता पर कड़ी चेतावनी दी तथा अवैध नशे की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों में 1930 हेल्पलाइन की सक्रियता बढ़ाने और पीड़ितों की संपत्ति की रिकवरी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में एडीजी मुरुगेशन ने कहा कि अपराध नियंत्रण और विवेचनाओं की गुणवत्ता पुलिस की साख का आधार है। अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर हर गंभीर अपराध की स्वयं मॉनिटरिंग करें। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों की कार्यप्रणाली का नियमित मूल्यांकन करने और विवेचनात्मक कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत IG CCTNS श्री सुनील कुमार मीणा ने सभी अधिकारियों के साथ तकनीक आधारित पारदर्शी पुलिसिंग पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी CCTNS/ICJS पोर्टल का कुशल संचालन सीखें और मौके की सूचना तुरंत दर्ज करें। उन्होंने डेटा इंटीग्रेशन, e-FIR प्रणाली और मिशन वात्सल्य जैसे पोर्टलों पर नियमित अपडेट देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में IG कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी उधमसिंहनगर श्री मणिकांत मिश्रा सहित दोनों जिलों के सभी क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *