Haldwani: उत्तराखंड के चंपावत निवासी शिक्षक संजय पांडे के लिए नई कार खरीदने की खुशी मातम में बदल गई। मंगलवार देर रात नानकमत्ता दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, चंपावत के माडली निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे पुत्र भुवन पांडे जीआईसी बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने हल्द्वानी गए थे। देर रात नई कार लेकर लौटते समय नानकमत्ता हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार दीपान्त सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (27) निवासी किच्छा और चंद्रप्रकाश जोशी का इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेज दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वह क्षेत्र में भजन गायकी के लिए भी काफी प्रसिद्ध थे। उनके निधन की खबर से चंपावत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Chief Editor, Aaj Khabar
