Haldwani: अतिव्यस्त नैनीताल रोड स्थित श्री कालू सिद्ध मंदिर में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली से महज 200–300 मीटर की दूरी पर स्थित मंदिर का ताला तोड़कर चोर करीब 2 किलो चांदी का मुकुट, अन्य चांदी के आभूषण और ₹35 हजार नकदी ले उड़े।
मंदिर व्यवस्थापक महंत निरंजन गिरी के अनुसार, 6 दिसंबर की रात पुजारी व सेवादार कपाट बंद कर लौट गए थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे चोर ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए और चांदी का मुकुट, लोटा, थालियाँ सहित कई वस्तुएँ चोरी कर ले गए। दानपेटी समेत अन्य स्थानों से लगभग ₹35 हजार कैश भी गायब मिला। चोर मंदिर के रसोईये का सूट और निजी राशि भी उठा ले गए।
सुबह चोरी का पता चलते ही प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जाँच की, जिसमें एक युवक स्पष्ट रूप से चोरी करते हुए नजर आया। फुटेज व तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है।
पुलिस का दावा—जल्द होगा खुलासा
कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर चोरी गया सामान बरामद करने का दावा किया गया है।
मुख्य बाजार और पुलिस थाने के इतने करीब इस चोरी ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
