Haridwar: हरिद्वार में प्रेमनगर आश्रम के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। हाईवे पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार जनरेटर से जा टकराई, जिससे कार चालक और दो मजदूरों की मौत हो गई। एक घायल युवक की हालत गंभीर है और हायर सेंटर में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार हाईवे पर मरम्मत का काम चल रहा था। बुधवार रात मजदूर फ्लाईओवर की मरम्मत कर रहे थे और किनारे जनरेटर रखा हुआ था। इसी दौरान देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रही तेज रफ्तार कार जनरेटर में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक 20 वर्षीय अर्पित सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। जनरेटर के पास खड़े दो मजदूर भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कनखल थाना पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां एक मजदूर राजू राय (निवासी पश्चिम बंगाल) को मृत घोषित कर दिया गया। दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
गुरुवार दोपहर एम्स में इलाज के दौरान तीसरे मजदूर अजब सिंह (निवासी पश्चिम बंगाल) की भी मौत हो गई। हादसे के समय कार में अर्पित का दोस्त रहमान भी मौजूद था, जो गंभीर रूप से घायल है और देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में पता चला कि अर्पित और रहमान किसी पार्टी में शामिल होने निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। अचानक हुई इन मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
