Haldwani: हल्द्वानी के जीतपुर नेगी इलाके से लापता डीपीएस स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र यथार्थ मिश्रा का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों की बढ़ती चिंता के बीच पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। यथार्थ की जली हुई स्कूटी और किताबें मिलने से संदेह गहराता जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
स्कूल से लौटते समय हुआ लापता, जंगल में मिली जली स्कूटी
रामपुर रोड स्थित महादेव एंक्लेव कॉलोनी निवासी व्यापारी योगेश मिश्रा का बेटा यथार्थ गुरुवार को परीक्षा देने के लिए स्कूटी से स्कूल गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो रात करीब 11 बजे घर से कुछ दूर जंगल में उसकी स्कूटी और किताबें जली हुई हालत में मिलीं। हालांकि, बैग मौके से गायब था, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
डॉग स्क्वाड और सीसीटीवी फुटेज से नहीं मिला कोई सुराग
शुक्रवार को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र और सीओ सिटी नितिन लोहनी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद भी ली, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। खोजी कुत्ते ने अर्जुनपुर की ओर ढाई किलोमीटर तक और जंगल की ओर इतनी ही दूरी तक जाकर जांच की, मगर कोई ठोस निशान नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, लेकिन अब तक कोई अहम सुराग सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले जा रहे हैं, हालांकि यथार्थ के पास मोबाइल न होने के कारण पुलिस को ट्रेसिंग में दिक्कत आ रही है।
मां-पिता की भावुक अपील, परिवार सदमे में
यथार्थ के लापता होने से उसका परिवार सदमे में है। माता-पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा, “बेटा, जहां भी हो, घर लौट आओ। अगर हमसे कोई गलती हुई है, तो हम माफी मांगते हैं। तुम्हें कुछ नहीं कहेंगे। मम्मी-पापा दोनों रो रहे हैं और हर पल तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं।”
परिजन, पड़ोसी और रिश्तेदार लगातार परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन 48 घंटे से ज्यादा का समय बीतने के बावजूद कोई सुराग न मिलने से चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

