Dehradun: देहरादून के राजपुर रोड स्थित मशहूर एलोरास बेकरी में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग इतनी विकराल थी कि इसकी चपेट में बगल की दो अन्य दुकानें भी आ गईं। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बेकरी के प्रबंधक महिपाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना में लाखों रुपये का बेकरी प्रोडक्ट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग पहले एलोरास बेकरी में लगी और फिर तेजी से फैलकर आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते प्रतिष्ठान जलकर खाक हो गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अप्रैल 2022 में इसी प्रतिष्ठित बेकरी में आग लग चुकी है। एलोरास बेकरी की स्थापना 1953 में कृष्ण लाल गुलाटी ने की थी, और यह समय के साथ देहरादून की सबसे बड़ी बेकरी के रूप में प्रसिद्ध हुई। शहर में एलोरा, एलोरा मूवमेंट, मेल्टिंग मोमेंट्स, नेनीज बेकरी जैसी कई शाखाएं खुल चुकी हैं, लेकिन इस बार सबसे पुराने प्रतिष्ठान में आग लगने से बड़ा नुकसान हुआ है। फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
