Dehradun: देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ द्वारा आयोजित इंडो-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला एवं पर्यटन महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भारत और नेपाल के स्थानीय उत्पादों पर आधारित स्टॉलों का अवलोकन किया और कहा कि यह महोत्सव दोनों देशों के सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंधों को और मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक और पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण में नेपाल की जनता की आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब भगवान श्रीराम और माता सीता का स्मरण होगा, तब-तब भारत-नेपाल के संबंधों की चर्चा अवश्य होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और नेपाल के रिश्तों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में हो रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। उत्तराखंड से नेपाल तक कई पर्यटन और धार्मिक स्थल हैं, जहां आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम देखने को मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे कनेक्टिविटी, व्यापार, संस्कृति, रक्षा और जनसंपर्क को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने काली नदी पर प्रस्तावित पंचेश्वर बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों में साझा ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। इस अवसर पर नेपाल के पूर्व मुख्यमंत्री राजेंद्र सिंह रावल, कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष पीतांबर जोशी, विधायक खजान दास समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

