Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई, लघु सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वृहद स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन और समृद्धि का आधार है, इसलिए जल संचय और गाड़-गदेरों के पुनर्जीवीकरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई, लघु सिंचाई विभाग और नगर निगमों को शहरी क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन के लिए मिलकर कार्य करने को कहा। उन्होंने ग्राउंड वाटर रिचार्ज पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर देते हुए नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन्हें तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रेनेज समस्याओं के समाधान के लिए भी जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने और चैक डेम के निर्माण पर ध्यान देने की बात कही, ताकि सिंचाई की नहरों का अधिकतम लाभ किसानों और आमजन को मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न शहरों में ड्रेनेज प्लान के कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सिंचाई और खनन विभाग को नदियों व जलाशयों में जमा सिल्ट/गाद की निकासी के लिए एक बैठक आयोजित कर उचित समाधान निकालने के लिए कहा।
इस बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री विनय शंकर पांडेय, सीपीपीजीजी के एसीईओ श्री मनोज पंत, उप सचिव श्री अजीत सिंह, श्री प्रदीप मोहन नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

