Haldwani: टांडा के जंगल में मृत मिले हापुड़ निवासी भोगेंद्र सिंह चौहान की हत्या की गुत्थी को हल्द्वानी पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया।
दिनांक 11 जून 2025 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस को सूचना मिली थी कि टांडा जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की कार्यवाही शुरू की। व्यापक प्रचार-प्रसार व पूछताछ के उपरांत शव की पहचान गढ़गंगा गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ निवासी व वर्तमान में रुद्रपुर में रह रहे भोगेंद्र सिंह चौहान के रूप में की गई। उनके पुत्र करन चौहान ने शिनाख्त की।
शव के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका बनी। करन चौहान ने 13 जून को हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर एफआईआर संख्या 188/2025 धारा 103(1)/238 बीएनएस पंजीकृत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी श्री प्रकाश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिरों को सक्रिय किया। सतत प्रयासों के बाद 16 जून 2025 को टांडा जंगल स्थित नादिया धाम मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य अभियुक्त बालम सिंह बिष्ट, और उसके दो सहयोगी हरीश सिंह नेगी और उमेश बोरा शामिल हैं। पूछताछ में बालम सिंह बिष्ट ने स्वीकार किया कि भोगेंद्र सिंह से उसका पैसों का विवाद था। पैसे वापस न करने के इरादे से उसने अपने साथियों को पैसों का लालच देकर हत्या करवाई। हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तगण के नाम और पते:
- बालम सिंह बिष्ट पुत्र आनन्द सिंह बिष्ट
निवासी: वार्ड नंबर-37, बिठौरिया नंबर-2, भारत गैस गोदाम के सामने, हरिपुर सील, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल, उम्र: 50 वर्ष - हरीश सिंह नेगी पुत्र राम सिंह
निवासी: सालम कॉलोनी, पनियाली, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल, उम्र: 40 वर्ष
फिलहाल तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे इस मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आ सकती हैं। हल्द्वानी पुलिस की तेज कार्रवाई से क्षेत्र में व्याप्त भय का वातावरण कुछ हद तक कम हुआ है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
