Nainital: मल्लीताल पुलिस ने सड़क पर स्टंट कर रहे युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पाँच युवकों को हिरासत में लिया है। वाहन को सीज कर लिया गया है तथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर निरस्तीकरण की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
घटना 16 जून 2025 की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि वाहन संख्या HR 43 E 6085 को एक अज्ञात चालक द्वारा अत्यंत खतरनाक और लापरवाहीपूर्ण तरीके से चलाया जा रहा है। यह वाहन मल्लीताल क्षेत्र के मंगोली इलाके में तेज गति और असामान्य अंदाज़ में चल रहा था, जिससे सड़क पर अन्य राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
सूचना मिलते ही कोतवाली मल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक श्री हेमचंद पंत के निर्देशन में तत्काल चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन को रोका और जांच में पाया कि अमन पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी रेवाड़ी, हरियाणा वाहन चला रहा था। उसके साथ वाहन में चार अन्य युवक मौजूद थे, जो खिड़कियों से बाहर झुककर शोरगुल और हुड़दंग मचा रहे थे।
पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया गया। लाइसेंस के निरस्तीकरण हेतु रिपोर्ट भी प्रेषित कर दी गई है।
चैकिंग टीम में शामिल अधिकारी:
- उपनिरीक्षक विजय कुमार
- कांस्टेबल मनीष कुमार
पुलिस की अपील:
जनता से अपील की गई है कि सड़क पर स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। ऐसा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन के लिए भी अत्यंत घातक हो सकता है।
https://twitter.com/nainitalpolice_/status/1934948883643195401?s=46
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
